Faridabad/Alive News: चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा की अलग-अलग टीमों ने चोरी के तीन मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी का सामान और नकदी बरामद की है।
थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के एक स्कूल से कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने धर्मबीर निवासी गांव अकाता, जिला भरतपुर, राजस्थान, हाल मुजैड़ी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से कंप्यूटर स्क्रीन, CPU, कंप्यूटर स्टैंड और गैस सिलेंडर बरामद किया है।
वहीं, अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने आदर्श कॉलोनी स्थित एक मकान से मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में वरुण निवासी SGM नगर, फरीदाबाद को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया।
इसी तरह अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने थाना सारन क्षेत्र में घर में घुसकर चोरी करने के मामले में हेमंत निवासी गांव नौझील बाजना, जिला मथुरा, हाल बालाजी कॉलोनी, गांव करनेरा, फरीदाबाद को प्रोडक्शन वारंट पर लिया। पुलिस ने चोरी का सामान बेचकर प्राप्त रकम में से 5,000 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

