August 29, 2026

फरीदाबाद में चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद, तीन वाहन चोर गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: वाहन चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। अपराध शाखा AVTS-2 और अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीमों ने चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

थाना सेक्टर-17 क्षेत्र में 22 जुलाई को मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच अपराध शाखा AVTS-2 कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने प्रेम कुमार निवासी गांव गंगरौली, मथुरा, हाल लाल कुआं, दिल्ली को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।

वहीं, थाना सेक्टर-58 में दर्ज वाहन चोरी के एक अन्य मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने दो आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गोपाल निवासी गांव बगीचा, आगरा, उत्तर प्रदेश, हाल सिही, सेक्टर-8, फरीदाबाद और रविन्द्र निवासी गांव निठार, भरतपुर, राजस्थान, हाल सिही, सेक्टर-8, फरीदाबाद के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।