August 28, 2026

फोन स्नैचिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन और बाइक बरामद

Faridabad/Alive News: फोन स्नैचिंग के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाकर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, खुर्शीद निवासी कुरैशीपुर, फरीदाबाद ने शिकायत दी थी कि 10 अगस्त की रात करीब 11 बजे सिही पुल के पास दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया। आरोपियों की पहचान अनकेश निवासी भागलपुर, बिहार, हाल तिरखा कॉलोनी और ध्रुव निवासी धौलपुर, राजस्थान, हाल तिरखा कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।