Faridabad/Alive News: डीएवी शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद में संस्कृत सप्ताह के तहत वैदिक यज्ञ का आयोजन किया गया। संस्कृत विभाग और भारतीय ज्ञान परंपरा (IKS) प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार, IKS प्रकोष्ठ की समन्वयिका डॉ. रुचि मल्होत्रा और संस्कृत सप्ताह के संयोजक डॉ. अमित शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। यज्ञ में डॉ. अमित शर्मा यज्ञब्रह्म और डॉ. प्रियंका अंगिरस यजमान के रूप में उपस्थित रहीं।
वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत यज्ञ के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, वैदिक संस्कृति और जीवन-मूल्यों से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों ने यज्ञ में सक्रिय रूप से भाग लिया और वैदिक मंत्रों व यज्ञ परंपरा के महत्व को समझा।
इस अवसर पर डॉ. अमित शर्मा ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति की प्राचीन परंपरा है, जो अनुशासन, सामूहिकता, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों की भावना को बढ़ावा देती है।
कार्यक्रम में डॉ. योगेश शर्मा, नेत्रपाल, रीटा, डॉ. निशा सिंह, ओमिता जौहर सहित कई प्राध्यापक मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना की।
संस्कृत सप्ताह के तहत 29 अगस्त को विशिष्ट व्याख्यान और 31 अगस्त को विद्यार्थियों के लिए सूक्ति लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा, साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति रुचि बढ़ाना है।

