September 19, 2026

खेड़ीपुल चौक पर सड़क जाम करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 60-70 लोगों पर केस दर्ज

Faridabad Cyber Cell recovered 38 lost mobile phones

Faridabad/Alive News: हादसे में युवक की मौत के बाद खेड़ीपुल चौक बाईपास रोड पर जाम लगाने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने करीब 60-70 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर शव रखकर यातायात बाधित किया था।

पुलिस के अनुसार, नियाज मोहम्मद का 23 अगस्त को एक्सीडेंट हुआ था। इलाज के दौरान 27 अगस्त को उसकी मौत हो गई। इसके बाद शाम को करीब 60-70 लोग खेड़ीपुल चौक पर एकत्र हुए और बाईपास रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने शव को सड़क पर रख दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जाम में आम वाहनों के साथ एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी फंस गए। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई और मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति बन गई।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और हादसे के मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। दुर्घटना के संबंध में पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद जाम नहीं हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने सड़क जाम कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।

थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस ने जाहिर, फुरकान, इमाम, इमरान, प्रेम समेत करीब 60-70 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी घटना के विरोध में अपनी बात रखने के लिए कानून का पालन करें और सार्वजनिक रास्तों को जाम न करें। पुलिस ने चेतावनी दी कि सड़क जाम कर आमजन और आपातकालीन सेवाओं का रास्ता रोकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।