August 27, 2026

पूर्व विधायक नीरज शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस-प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, SE ओमबीर सिंह पर कार्रवाई की मांग

Faridabad/Alive News: एनआईटी-86 के पूर्व विधायक पंडित नीरज शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त, उपायुक्त (DC), डीसीपी बल्लभगढ़ और नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम में तैनात सुप्रिटेंडेंट इंजीनियर (SE) ओमबीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें ओमबीर सिंह द्वारा एक पूर्व पार्षद के पति से बातचीत के दौरान बिहार और प्रवासी समुदाय के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।

पूर्व विधायक ने कहा कि सरकारी पद पर रहते हुए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल गंभीर मामला है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि इस घटना से प्रवासी समाज में नाराजगी है और क्षेत्र में माहौल खराब होने की आशंका है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से ओमबीर सिंह को तत्काल निलंबित करने और सेवा से बर्खास्त करने, उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तारी करने तथा पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी से तय समय सीमा में कराने की मांग की।

इस दौरान पूर्व पार्षद दयाशंकर गिरी, मधुसूदन झा, रघुवर दयाल, आरके तिवारी, अरुण सिंह, रामरेखा यादव, राजकुमार यादव, ज्ञानेन्द्र यादव, रामअवतार, विपिन बिहार यादव और प्रभु झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि आरोपी अधिकारी के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो समाज की ओर से आगे आंदोलन किया जा सकता है।