August 25, 2026

BJP विधायक की बेटी ने महिला SI को मारा था थप्पड़, अब SI पर भी बदसलूकी का आरोप; CCTV से आया नया मोड़

BJP विधायक की बेटी और महिला SI के बीच हाथापाई का CCTV वीडियो

Karnataka/Alive News: कर्नाटक के मांड्या जिले में भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या गौड़ा और महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर सविता पाटिल के बीच हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। घटना का एक नया CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद महिला SI पर भी ऐश्वर्या के साथ बदसलूकी करने के आरोप लग रहे हैं।

यह घटना 12 अगस्त को श्रीरंगपट्टनम तालुक के प्रसिद्ध आरती उक्कड़ा मंदिर में भीमन्ना अमावस्या के दौरान हुई थी। मंदिर में भारी भीड़ के बीच सुरक्षा ड्यूटी पर महिला SI सविता पाटिल तैनात थीं। इसी दौरान ऐश्वर्या गौड़ा अपने दो बच्चों के साथ मंदिर पहुंचीं और कथित तौर पर VIP होने का हवाला देते हुए गर्भगृह में जाने की अनुमति मांगी।

अनुमति को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। सामने आए CCTV फुटेज में ऐश्वर्या महिला SI को थप्पड़ मारती दिखाई देती हैं। इसके बाद महिला अधिकारी भी ऐश्वर्या को थप्पड़ मारती नजर आती हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।

घटना के बाद महिला SI सविता पाटिल ने क्यातनहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में ऐश्वर्या पर बदसलूकी, थप्पड़ मारने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप लगाए गए। वहीं, अब यह दावा भी सामने आया है कि ऐश्वर्या की ओर से की गई जवाबी शिकायत पुलिस ने स्वीकार नहीं की।

मामले के बाद भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने बेटी की ओर से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने बेटी के पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारने वाला वीडियो नहीं देखा है और इस घटना पर उन्हें खेद है। हालांकि, विधायक ने यह भी आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारी ने उनकी बेटी के साथ बदसलूकी की थी।

अब नए CCTV फुटेज के सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच हाथापाई दिखाई देने से मामले की जांच और कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।