Lucknow/Alive News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ा रोजगार ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान की।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को अलग-अलग विभागों और क्षेत्रों में सरकारी नियुक्तियां दी जाएंगी। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगले छह महीने में हर सप्ताह अलग-अलग चरणों में नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराने का काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार अब तक 9 लाख 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने में सफल रही है। उन्होंने दावा किया कि इन नियुक्तियों में पारदर्शिता बरती गई है और किसी भी नियुक्ति पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।
सपा सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती का विज्ञापन निकलने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और वसूली की शिकायतें सामने आती थीं, जिसके कारण युवाओं को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि अब सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर दिया है। योग्य अभ्यर्थियों का बिना भेदभाव चयन किया जा रहा है।
सीएम योगी ने परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोहों और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी और ऐसे लोगों के साथ-साथ उनके संरक्षण देने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग्य युवाओं का निष्पक्ष चयन होने से उनकी प्रतिभा और ऊर्जा का लाभ पूरे प्रदेश को मिलता है। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया और कहा कि सरकार रोजगार तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को आगे भी प्राथमिकता देती रहेगी।

