Faridabad/Alive News: साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों के बैंक खातों के इस्तेमाल, ठगी की रकम के लेन-देन और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लोगों को अलग-अलग तरीकों से ठगी का शिकार बनाया। एक मामले में जापान का वीजा दिलाने के नाम पर 2.19 लाख रुपये ठगे गए। दूसरे मामले में 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 1.22 लाख रुपये ऐंठे गए। तीसरे मामले में डॉक्टर का नंबर ऑनलाइन सर्च करने वाले व्यक्ति को APK फाइल भेजकर उसके बैंक खाते से 91,998 रुपये निकाल लिए गए।
जापान का वीजा दिलाने के नाम पर 2.19 लाख की ठगी
जापान का वीजा दिलाने का झांसा देकर 2,19,000 रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने हरप्रीत सिंह निवासी गांव मैना झुण्डी, जिला ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, हरप्रीत सिंह जापान में नौकरी करता था। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए उसकी बातचीत शिकायतकर्ता महिला से हुई। आरोपी ने महिला को जापान का वीजा दिलाने का भरोसा दिया और अलग-अलग बैंक खातों में 2,19,000 रुपये जमा करवा लिए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जून में जापान से भारत वापस आया था। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
20 लाख के लोन के नाम पर 1.22 लाख रुपये ठगे
दूसरे मामले में 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 1,22,000 रुपये की ठगी की गई। इस मामले में पुलिस ने हर्ष निवासी महावीर नगर, ग्वालियर, मध्य प्रदेश और रोहित परिहार निवासी विनय नगर, ग्वालियर, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता को 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का लालच दिया। इसके बाद लोन प्रक्रिया, अलग-अलग चार्ज और अन्य खर्चों के नाम पर उससे 1,22,000 रुपये ले लिए।
जांच में सामने आया कि रोहित परिहार ने हर्ष का बैंक खाता लेकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इस खाते में ठगी की रकम में से 97,000 रुपये आए थे।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर हर्ष को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि रोहित परिहार को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
डॉक्टर का नंबर सर्च करना पड़ा महंगा, APK भेजकर 91,998 रुपये ठगे
तीसरे मामले में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए ऑनलाइन नंबर सर्च करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। पुलिस के अनुसार, साइबर ठगों ने अपॉइंटमेंट दिलाने के नाम पर उसके मोबाइल पर APK फाइल भेजी। इसके बाद उसके बैंक खाते से 91,998 रुपये निकाल लिए गए।
इस मामले में पुलिस ने मासूम निवासी राना माजरा, जिला पानीपत और सोहिल निवासी गांव नवादा, पानीपत, हरियाणा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आसपास के गांवों के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को काफी समय से जानते हैं। जांच में पता चला कि सोहिल ने मासूम का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इस खाते में ठगी की रकम में से 49,000 रुपये आए थे।
पुलिस के अनुसार, मासूम ने खाते में आई ठगी की रकम को USDT के जरिए आगे साइबर ठगों तक पहुंचाया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

