Faridabad/Alive News: हाईवे पर सराय ख्वाजा टोल प्लाजा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार जीजा साले की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मूलरूप से राजस्थान दौसा गांव गुर्जर बैराला निवासी गोलू और खुर्जा यूपी के निवासी प्रिंस के रूप में हुई है।
दोनों यहां मोड़बंद दिल्ली बाइपास पर अलग-अलग अपने परिवार के साथ रहते थे। गोलू लोडिंग टेंपो चलाता था, जबकि प्रिंस डिलिवरी ब्वाय का काम करता था। प्रिंस गोलू का जीजा था। शनिवार शाम करीब पांच बजे दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से फरीदाबाद आ रहे थे।
प्रिंस मोटरसाइकिल चला रहा था, गोलू पीछे बैठा हुआ था। सराय ख्वाजा टोल के पास किसी वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे में दोनों बुरी तरह घायल हो गए और थोड़ी देर बाद वहीं दम तोड़ दिया।
समय पर एंबुलेंस मिलती तो बच जाती जान
पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं लग पाया है। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद एक की सांस चल रही थी, मगर एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। अगर उसे इलाज मिल जाता तो शायद जान बच जाती।
हादसे के कारण हाई पर जाम की स्थिति बन गई। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर शव पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवाए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।

