Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने लड़ाई-झगड़े, चाकू से हमला और हत्या के प्रयास के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज हैं।
₹1.50 लाख के लेन-देन को लेकर चाकू से हमला
थाना खेड़ीपुल क्षेत्र में ₹1.50 लाख के लेन-देन को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया था। शिकायतकर्ता अंकित ने पुलिस को बताया कि 21 अगस्त को पुनीत ने उसे पैसे देने के बहाने गली के बाहर बुलाया था। वहां सोनू, धवल और अन्य युवक भी मौजूद थे।
पैसों को लेकर बातचीत के दौरान आरोपियों ने अंकित के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसी दौरान पुनीत ने अंकित पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि अन्य युवकों ने उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुनीत निवासी गांव मौजाबाद, गुरुग्राम, हाल भारत कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुनीत ने पुलिस को बताया कि अंकित बार-बार उससे पैसे मांग रहा था, जिससे परेशान होकर उसने दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमला किया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
खेत पर पहुंचकर तीन युवकों से मारपीट
थाना डबुआ क्षेत्र के गांव बाजड़ी में पुरानी कहासुनी की रंजिश को लेकर तीन युवकों से मारपीट का मामला सामने आया था। शिकायतकर्ता विकास त्यागी के अनुसार, कुछ दिन पहले उसके भतीजे देव उर्फ रामजी लाल की गांव के गोलू उर्फ हर्ष से कहासुनी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में 15 मार्च को गोलू उर्फ हर्ष अपने करीब 20-25 साथियों के साथ गांव बाजड़ी स्थित खेतों में पहुंचा। आरोप है कि वहां अंशूल, तुषार और अभिषेक के साथ मारपीट की गई, जिसमें तीनों को गंभीर चोटें आईं।
मामले में थाना डबुआ पुलिस ने नीरज निवासी पर्वतीय कॉलोनी और अवनेश निवासी जीवन नगर पार्ट-2, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों मुख्य आरोपी गोलू उर्फ हर्ष के साथी हैं। इस मामले में अब तक 6 नाबालिगों समेत 10 आरोपियों को काबू किया जा चुका है। मुख्य आरोपी गोलू उर्फ हर्ष को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
पैसे मांगने पर कहासुनी, युवक पर चाकू से हमला
थाना सिटी बल्लभगढ़ क्षेत्र में खुर्जा निवासी आसिफ ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 1 अगस्त को वह अज्जी कॉलोनी में अपने गांव के दोस्त से मिलने आया था। इसी दौरान आरिफ नाम के युवक ने उससे पैसे मांगे, जिसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।
शिकायत के अनुसार, आसिफ वहां से घर जाने लगा तो बिस्मिल्ला होटल के पास आरिफ पीछे से उसके पास आया और चाकू से हमला कर दिया।
मामले में पुलिस चौकी बस स्टैंड, बल्लभगढ़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद आसिक उर्फ आरिफ निवासी खुर्जा, जिला बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है।

