August 23, 2026

डीएवी स्कूल, एनटीपीसी में सीबीएसई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

डीएवी पब्लिक स्कूल एनटीपीसी में सीबीएसई प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल शिक्षक

Faridabad/Alive News: डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी में 22 अगस्त 2026 को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा ‘पर्यावरण अध्ययन : प्राथमिक कक्षाएँ’ विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को पर्यावरण अध्ययन के प्रभावी और रोचक शिक्षण के लिए नई शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या अलका अरोड़ा ने संसाधन व्यक्तियों डॉ. स्वाति सिंह और मीनाक्षी शर्मा का स्वागत करते हुए किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान डॉ. स्वाति सिंह और मीनाक्षी शर्मा ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने पर्यावरण अध्ययन को बच्चों के लिए अधिक प्रभावी और रुचिकर बनाने के लिए नवीन शिक्षण विधियों, गतिविधि आधारित अधिगम और विभिन्न शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में शामिल शिक्षकों ने उत्साह के साथ सहभागिता की और विभिन्न विषयों पर सक्रिय चर्चा की। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने अनुभव साझा किए और पर्यावरण अध्ययन को प्राथमिक कक्षाओं में बेहतर तरीके से पढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह क्षमता निर्माण कार्यक्रम शिक्षकों के ज्ञान और कौशल को बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यावसायिक विकास की दिशा में उपयोगी साबित हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को कक्षा शिक्षण में गतिविधि आधारित और अनुभवपरक तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।