Mumbai/Alive News: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान के तीसरी बार प्रेग्नेंट होने की खबरों को उनकी टीम ने खारिज कर दिया है। सोशल मीडिया पर प्रेग्नेंसी की अफवाहें फैलने के बाद उनकी टीम ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में स्पष्ट किया कि करीना प्रेग्नेंट नहीं हैं।
दरअसल, शुक्रवार को मुंबई से करीना कपूर का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वह अपनी कार की ओर जाती नजर आईं। उनके साथ टीम के कुछ सदस्य भी मौजूद थे। एक जगह टीम के सदस्य ने करीना के सामने छाता कर दिया, जिससे पैपराजी उन्हें ठीक से रिकॉर्ड नहीं कर सके। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके तीसरी बार मां बनने की अटकलें शुरू हो गईं।
वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर करीना की प्रेग्नेंसी को लेकर सवाल किए। कुछ यूजर्स ने वीडियो में उनके लुक को देखकर बेबी बंप जैसी अटकलें भी लगाईं। हालांकि, करीना की टीम ने इन खबरों को गलत बताया है।
करीना कपूर और सैफ अली खान पहले से दो बेटों के माता-पिता हैं। उनके बड़े बेटे तैमूर की उम्र 9 साल और छोटे बेटे जेह की उम्र 5 साल है। सैफ अली खान की पहली शादी से दो बच्चे सारा अली खान और इब्राहिम अली खान भी हैं।
परिवार बढ़ाने पर करीना ने पहले क्या कहा था
करीना ने इससे पहले वोग को दिए एक इंटरव्यू में फैमिली प्लानिंग को लेकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि सैफ ने अलग-अलग उम्र के पड़ावों पर अपने बच्चों का स्वागत किया है। करीना ने यह भी कहा था कि अब वह और सैफ जेह की परवरिश और अपने काम के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो करीना कपूर खान आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में नजर आई थीं। अब वह मेघना गुलजार की फिल्म ‘दायरा’ में दिखाई देंगी। फिल्म में करीना एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाती नजर आएंगी।

