August 21, 2026

सीबीएसई के नियमों में बदलाव की मांग, एचपीएससी ने सौंपे 24 सुझाव

Faridabad/Alive News: हरियाणा प्रोग्रेसिव स्कूल्स कॉन्फ्रेंस (एचपीएससी) के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंदर के नेतृत्व में सीबीएसई सचिव से मुलाकात की। इस दौरान स्कूलों से जुड़े नियमों को आसान और व्यावहारिक बनाने के लिए 24 सूत्रीय सुझाव दिए गए। एचपीएससी ने कहा कि नियम ऐसे हों, जिनसे स्कूलों पर बेवजह का काम न बढ़े और बच्चों की पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान दिया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल ने नए नियम लागू करने से पहले उनके असर का आकलन करने और मान्यता की प्रक्रिया को आसान व समयबद्ध बनाने की मांग की। स्कूलों के निरीक्षण को भी जोखिम और काम के नतीजों के आधार पर करने का सुझाव दिया गया। पुराने स्कूलों के भवनों से जुड़े नियमों में भी जरूरी छूट और बदलाव की मांग रखी गई।

बैठक में सेकेंडरी क्लास में तीन भाषाएं पढ़ाने की अनिवार्यता की समीक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। एचपीएससी ने साफ किया कि उसे किसी भारतीय भाषा या संस्कृत से आपत्ति नहीं है, लेकिन जिन बच्चों ने पहले उस भाषा को नहीं पढ़ा है, उनके लिए यह अतिरिक्त बोझ बन सकता है। साथ ही शिक्षकों के लिए हर साल 50 घंटे के प्रशिक्षण को केवल नियम पूरा करने तक सीमित न रखकर उनके वास्तविक कौशल विकास से जोड़ने की मांग की गई।