Faridabad/Alive News: टीबी मुक्त समाज के निर्माण और जरूरतमंद टीबी मरीजों को पोषण सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विक्टोरा इंडस्ट्रीज, फरीदाबाद की ओर से जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम विक्टोरा इंडस्ट्रीज के निदेशक अमितबीर सिंह बांगा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस दौरान 100 टीबी मरीजों को पोषाहार किट वितरित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) फरीदाबाद हनी बंसल उपस्थित रहे। उन्होंने टीबी मरीजों को पोषाहार किट वितरित करते हुए इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीबी के उपचार के साथ मरीजों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराना भी जरूरी है। पोषण सहयोग से मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर विक्टोरा ग्रुप के चेयरमैन एच.एस. बांगा, सीएसआर हेड अजय सोमवंशी, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सोरोत, उप अधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सोरोत ने कहा कि टीबी मरीजों को दवाइयों के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार मिलना आवश्यक है। जिला रेडक्रॉस सोसायटी समाज के जरूरतमंद और कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विक्टोरा इंडस्ट्रीज की इस पहल की सराहना की।
उप अधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने कहा कि टीबी मरीजों को पोषण सहयोग मिलने से उपचार के दौरान उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सहायता मिलेगी। उन्होंने इसे जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण जनसेवा पहल बताया।
सीएसआर हेड अजय सोमवंशी ने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल चिकित्सा उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि पोषण, जागरूकता और समय पर स्वास्थ्य जांच भी इसके महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि विक्टोरा ग्रुप सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए आगे भी प्रयास जारी रखेगा।
गांव-गांव पहुंचेगी स्वास्थ्य जांच वैन
कार्यक्रम के दूसरे चरण में ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से विक्टोरा फाउंडेशन की स्वास्थ्य जांच वैन का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि हनी बंसल ने वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह स्वास्थ्य जांच वैन फरीदाबाद जिले के विभिन्न गांवों में जाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करेगी और आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण उपलब्ध कराएगी। इससे ग्रामीणों को गांव और घर के नजदीक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी। साथ ही संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान करने और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

