Faridabad/Alive News: थाना सेक्टर-31 पुलिस ने रास्ता रोककर मारपीट करने और बीच-बचाव करने आए युवक के पेट पर नुकीली धारदार वस्तु से हमला करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आशुतोष कुमार और ब्रजेश निवासी राजीव नगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ब्रजेश को जेल भेज दिया गया है, जबकि आशुतोष को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, राजीव नगर निवासी राहुल ने शिकायत में बताया कि 15/16 अगस्त की रात वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आशुतोष की बाइक खड़ी थी। बाइक हटाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद राहुल अपने घर चला गया।
शिकायत के मुताबिक, कुछ समय बाद राहुल अपने दोस्त संदीप और भांजे साहिल के साथ गली से जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान आशुतोष ने अपने साथियों के साथ उनका रास्ता रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर राहुल का भाई अनिल मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आशुतोष ने अपने अन्य साथियों विक्की उर्फ चौटाला और ब्रजेश को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने राहुल और उसके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव कर रहे अनिल पर आशुतोष ने हाथ में ली हुई नुकीली धारदार वस्तु से पेट पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-31 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने 19 अगस्त को आशुतोष कुमार और ब्रजेश को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विवाद की शुरुआत मोटरसाइकिल को रास्ते से हटाने को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद आशुतोष अपने घर गया और अन्य साथियों को साथ लेकर दोबारा मौके पर पहुंचा, जहां मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए अनिल पर धारदार वस्तु से हमला किया गया।
पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी है। हमले में इस्तेमाल चाकू/धारदार वस्तु की बरामदगी के लिए आशुतोष को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

