August 20, 2026

दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 हजार रुपये बरामद

फरीदाबाद में दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना ओल्ड फरीदाबाद में पुरानी सब्जी मंडी निवासी अमरनाथ ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 22 जून की रात उनके घर के नीचे बनी दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति दुकान में रखी नगदी चोरी कर ले गया।

शिकायत के आधार पर थाना ओल्ड फरीदाबाद में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरव उर्फ पेंगा निवासी कृष्णा कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शिकायतकर्ता के घर के नीचे बनी दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से नगदी चोरी करने के बाद फरार हो गया था। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सौरव उर्फ पेंगा के खिलाफ पहले भी चोरी, लड़ाई-झगड़े, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कुल 7 मामले दर्ज हैं।

आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों और उसके आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।