Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने और उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 18 अगस्त को अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने जीवन नगर पार्ट-2, गौंची निवासी करन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना मुजेसर में मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने राजपुरा कलां निवासी संदीप को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में संदीप ने बताया कि वह यह देसी कट्टा उत्तर प्रदेश के एटा जिले के गांव धारा निवासी और वर्तमान में जीवन नगर पार्ट-1 में रहने वाले सतेन्द्र से लेकर आया था।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए देसी कट्टा उपलब्ध कराने वाले सतेन्द्र को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भूपानी में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

