September 8, 2026

वार्ड पार्षदों के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार की पहल पर नगर निगम फरीदाबाद के सभी वार्ड पार्षदों के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 20 और 21 अगस्त 2026 को हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (HIPA), गुरुग्राम में होगा।

प्रशिक्षण का उद्देश्य वार्ड पार्षदों की प्रशासनिक समझ और कार्यक्षमता को बढ़ाना है। कार्यक्रम में पार्षदों को नगर निकायों के नियमों, प्रशासनिक कार्यों, सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी।

महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि वार्ड पार्षद सीधे जनता से जुड़े होते हैं और अपने क्षेत्रों में विकास कार्य कराने तथा नागरिक सुविधाएं बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण से उन्हें अपने दायित्वों को अधिक प्रभावी ढंग से निभाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरी स्थानीय निकायों को मजबूत करने और जनप्रतिनिधियों की क्षमता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पार्षदों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाने में भी मदद करेगा।

महापौर ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से मिलने वाले ज्ञान का उपयोग फरीदाबाद के विकास, बेहतर प्रशासन, पारदर्शिता और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने में किया जाएगा।