August 19, 2026

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर दुष्यंत चौटाला का सरकार पर हमला, बोले- प्रदेशभर में लगे कूड़े के ढेर

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और सरकार पर बयान देते पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जननायक जनता पार्टी (JJP) नेता दुष्यंत चौटाला ने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर नायब सिंह सैनी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सफाई कर्मचारियों की मांगें पूरी करने का आश्वासन देने के बावजूद अपने वादे पूरे नहीं किए, जिसके कारण प्रदेशभर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं।

झज्जर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पूर्व गठबंधन सरकार ने ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने के उद्देश्य से हरियाणा कौशल रोजगार निगम का गठन किया था, लेकिन मौजूदा सरकार कच्चे कर्मचारियों को रोजगार सुरक्षा देने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि वेतन बढ़ाने का वादा भी पूरा नहीं किया गया।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण वे हड़ताल पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था चरमराने से प्रदेश के कई हिस्सों में कूड़े के ढेर लग गए हैं। उनके अनुसार, सरकार की कथित वादा खिलाफी से प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान पर भी असर पड़ रहा है।

उन्होंने प्रदेश की मौजूदा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधा। दुष्यंत ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हरियाणा की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने के बजाय पंजाब में जाकर राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री के दावे पर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस की अंदरूनी कलह से जुड़े सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कटाक्ष करते हुए कांग्रेस को “ऑल इंडिया झगड़ा पार्टी” करार दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं की आपसी फूट को देखते हुए कांग्रेस का राजनीतिक भविष्य कमजोर नजर आ रहा है।

हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के कुर्ता-पायजामा संबंधी बयान पर भी दुष्यंत चौटाला ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे बेतुका और शर्मनाक बताते हुए कहा कि कुर्ता-पायजामा देश की पारंपरिक पोशाक है। उन्होंने सवाल किया कि यदि इस पोशाक से आपत्ति है तो प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री भी इसे क्यों पहनते हैं।

दुष्यंत चौटाला ने केंद्र सरकार पर हरियाणा के साथ विकास के मामले में भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ओलंपिक और कॉमनवेल्थ खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के बावजूद राज्य को पर्याप्त खेल बजट नहीं मिल रहा है। उन्होंने कॉमनवेल्थ से जुड़े आयोजनों को गुजरात में कराने पर भी सवाल उठाया और कहा कि हरियाणा के अधिकारों के लिए मिलकर आवाज उठाने की जरूरत है।

इससे पहले दुष्यंत चौटाला ने जेजेपी बीएल-2 की बैठक में बूथ लेवल एजेंटों को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के दौरान प्रदेश में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं और लोगों को अलग-अलग दस्तावेज मांगकर परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कई मतदाताओं को गैरहाजिर या शिफ्टेड दिखाया गया है। दुष्यंत चौटाला ने चुनाव आयोग से मांग की कि किसी मतदाता का नाम हटाने से पहले उचित जांच की जाए और पूरी प्रक्रिया की कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए।