Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के नवनियुक्त निगमायुक्त यशेंद्र सिंह ने सोमवार को अपना कार्यभार संभालने के बाद मंगलवार को महापौर प्रवीण बत्रा जोशी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। महापौर ने निगमायुक्त के रूप में नियुक्ति पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान महापौर और निगमायुक्त के बीच फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। महापौर ने शहर में विकास कार्यों को गति देने और आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल से शहर के विकास को और गति दी जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
निगमायुक्त यशेंद्र सिंह ने कहा कि फरीदाबाद के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने महापौर को निगम प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सड़क, सीवर, पेयजल, जलभराव सहित विभिन्न विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों अधिकारियों ने शहर के विकास के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।

