August 18, 2026

हिमाचल से फरीदाबाद तक नशे की सप्लाई का मुख्य स्रोत गिरफ्तार, 4 किलो गांजा और 750 ग्राम चरस का खुलासा

कुल्लू से गिरफ्तार नशा सप्लाई नेटवर्क का आरोपी रजत भट्टी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशे की सप्लाई के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने रजत भट्टी निवासी कुल्लू, हिमाचल प्रदेश को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फरीदाबाद में गांजा और चरस की सप्लाई करने वाले नेटवर्क को नशा उपलब्ध करवाता था। उसे अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 16 दिसंबर 2025 को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने रोहित निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश को सेक्टर-29 बाईपास रोड से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 4 किलो 58 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। पूछताछ में रोहित से अमर सिंह और यादराम के नाम सामने आए। जांच के बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार किया।

जांच के दौरान यादराम के कब्जे से 750 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में यादराम ने बताया कि वह गांजा और चरस हिमाचल प्रदेश के कुल्लू निवासी रजत भट्टी से खरीदकर लाता था और इसके बाद फरीदाबाद में सप्लाई करता था। इस जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने नशे की सप्लाई के मुख्य स्रोत तक पहुंचने के लिए जांच तेज की।

तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश में आरोपी की तलाश की। आखिरकार 18 अगस्त को टीम ने रजत भट्टी को कुल्लू से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से फरीदाबाद तक नशे की सप्लाई पहुंचाने वाले नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई है।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई नेटवर्क, नशे की खरीद के स्रोत और फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय अन्य सप्लायरों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, रजत भट्टी के खिलाफ पहले भी NDPS Act के मामले दर्ज हैं।