August 15, 2026

पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय फरीदाबाद में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करतीं प्राचार्या डॉ. रितिका गुप्ता

Faridabad/Alive News: पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय, फरीदाबाद में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रितिका गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। ध्वजारोहण के बाद शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इस दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।

समारोह के दौरान प्राचार्या डॉ. रितिका गुप्ता ने महाविद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया। सम्मानित खिलाड़ियों में ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी कराटे चैंपियनशिप के विजेता बीए तृतीय वर्ष के छात्र अरुण कुमार के अलावा इंटर कॉलेज जूडो, ताइक्वांडो और वुशु प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी शामिल रहे।

इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत मधुर गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. विवेकानन्द ने प्रभावशाली एवं गरिमापूर्ण ढंग से किया। अपनी ओजस्वी वाणी और कुशल संचालन से उन्होंने कार्यक्रम को व्यवस्थित और आकर्षक बनाए रखा।

इस अवसर पर डॉ. विमल, डॉ. ज्योत्स्ना और डॉ. मोनिषा चौधरी ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराया।

उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ देश के विकास एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को सफल, व्यवस्थित और अनुशासित बनाने में शारीरिक शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर पीयूष वत्स के नेतृत्व में NSS स्वयंसेवकों और NCC कैडेट्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों और कैडेट्स ने कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, व्यवस्था और विभिन्न व्यवस्थाओं को संभाला।

समारोह के समापन पर सभी ने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने, स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा समृद्ध, सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।