August 15, 2026

विकारों से मुक्ति ही मानव जीवन की सच्ची स्वतंत्रता: स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य

स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद-वेदांग संस्कृत महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करते स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड मार्ग स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम परिसर में संचालित स्वामी श्री सुदर्शनाचार्य वेद-वेदांग संस्कृत महाविद्यालय में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में महाविद्यालय के संरक्षक, अनंतश्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और ध्वजारोहण किया।

समारोह को संबोधित करते हुए स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और उत्सव का अवसर है। यह दिन स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने के साथ-साथ स्वतंत्रता के मूल्यों की रक्षा के लिए संकल्प लेने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का पहला संकल्प विकारों से मुक्ति पाना होना चाहिए और यही जीवन की सच्ची स्वतंत्रता है।

स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य ने विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं से कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने तथा देश की सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करना सीखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय के मन में यह भावना होनी चाहिए कि “देश हमें देता है सब कुछ, हम भी कुछ देना सीखें।” उन्होंने लोगों से आत्ममंथन करने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें यह विचार करना चाहिए कि हमने देश, धर्म और मातृभूमि के लिए क्या योगदान दिया है।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्यों के पालन और समाज सेवा को राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण तैयार करें।

स्वामी जी ने जल संरक्षण और ऊर्जा की बचत पर जोर देते हुए पानी की बर्बादी रोकने और बिजली का उचित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सकारात्मक सोच के साथ जिम्मेदार नागरिक बनकर ही देश के विकास में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।

समारोह में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रेरक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले आचार्यों और विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ओम प्रकाश तिवारी, दिल्ली पुलिस के पूर्व उपायुक्त अतुल कुमार सहित आचार्य, विद्यार्थी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।