Faridabad/Alive News: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी फरीदाबाद में देशभक्ति और उत्साह से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीआईएसएफ के फायर सेफ्टी ऑफिसर नीरज उनियाल अपनी पूरी बटालियन के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने शानदार ड्रिल और मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की अनुशासित प्रस्तुति ने सभी में देशभक्ति का जोश भर दिया।
मुख्य अतिथि श्री नीरज उनियाल ने विद्यार्थियों को देश सेवा का महत्व बताया। ऑफिसर सिद्धार्थ ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, उसके महत्व और सम्मानपूर्वक रख-रखाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की सुरक्षा, एकता और प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अलका अरोड़ा ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा देश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सीआईएसएफ जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि व उनकी टीम के सदस्यों को राखी बाँधी। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रभक्ति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, कर्तव्यबोध और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

