Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 खेल परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
समारोह में फरीदाबाद पुलिस की तीन प्लाटूनों ने परेड में हिस्सा लिया। महिला पुलिस प्लाटून ने बेहतरीन अनुशासन, कदमताल और तालमेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। परेड का नेतृत्व एसीपी एनआईटी विनोद कुमार ने किया।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले फरीदाबाद पुलिस के 8 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इनमें निरीक्षक अनिल कुमार, उप निरीक्षक नरेश कुमार, एएसआई अजय कुमार, मुख्य सिपाही संदीप, मुख्य सिपाही अमित कुमार, उप निरीक्षक अनिल कुमार, महिला एएसआई नीलम और महिला सिपाही शर्मिला शामिल हैं।
इसके अलावा बल्लभगढ़ और बड़खल डिविजन में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। बल्लभगढ़ में विधायक मूलचंद शर्मा और बड़खल में विधायक धनेश अदलखा ने ध्वजारोहण किया।
बल्लभगढ़ डिविजन में 17 पुलिसकर्मियों और बड़खल डिविजन में 33 पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
मुख्य समारोह में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा, उपायुक्त फरीदाबाद आयुष सिन्हा, डीसीपी मुख्यालय हिमाद्री कौशिक, डीसीपी अपराध राजेश कुमार मोहन, डीसीपी यातायात जयवीर सिंह, डीसीपी सेंट्रल उषा समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

