Faridabad/Alive News: नवीन नगर पुलिस चौकी की टीम ने दो दोस्तों पर चाकू और लात-घूंसों से जानलेवा हमला करने के मामले में छठे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हर्ष (21), निवासी बदरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। मामले में पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, शिवम कॉलोनी निवासी अंश ने शिकायत दी थी कि वह 3/4 अगस्त की रात अपने दोस्त शिवम के साथ जैतपुर से टीवी लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान एमसीडी टोल के पास मनीष, हर्ष, जय, प्रेम, भूरी समेत अन्य आरोपियों ने दोनों का रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने दोनों दोस्तों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी पक्ष की अंश के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते दोनों दोस्तों पर हमला किया गया था।
पुलिस ने इस मामले में पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। अब छठे आरोपी हर्ष को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

