August 13, 2026

जर्जर हालत में सेक्टर-31 के 128 फ्लैट, नोएडा प्राधिकरण ने 378 लोगों को भेजे नोटिस, जानिए पूरा मामला

Noida/Alive News: नोएडा प्राधिकरण ने विभिन्न सेक्टरों में जर्जर फ्लैट और नालियों पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की शुरुआत कर दी है। इसके तहत लगभग 378 व्यक्तियों को नोटिस दिए गए हैं। ये नोटिस संबंधित मकानों के बाहर चिपकाए जा रहे हैं। नोटिसों में केवल फ्लैट के मालिक ही नहीं, बल्कि भूखंड के मालिक भी शामिल हैं।

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-31 के सी ब्लॉक में 128 जनता फ्लैट ऐसे हैं जो खतरनाक हालत में हैं। इन फ्लैटों को खाली कराने के लिए संबंधित लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। नोएडा प्राधिकरण ने इन जनता फ्लैटों को अगस्त 2025 में ही जर्जर करार दिया था। इसके अलावा सेक्टर-14, 15 और 19 में नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण के लिए भी लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।

अतिक्रमण हटाने के निर्देश

नोएडा प्राधिकरण ने वहां से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अगर तय समय में आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो नियमों के मुताबिक अगली कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण की ओर से जारी किए गए इन नोटिस में कहा गया है कि आवंटित भवनों की सही देख-रेख न होने और नक्शे से हटकर निर्माण करने के कारण वह जर्जर हो गए हैं। इसलिए लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे तत्काल इन भवनों को छोड़कर कहीं और रहना शुरू कर लें।