Noida/Alive News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) ने एयरपोर्ट परिसर में बारिश के बाद हुए जलभराव मामले का संज्ञान लेते हुए निर्माणकर्ता कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. (यापल) से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
नायल के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि बारिश के कारण रनवे या एप्रन क्षेत्र में कोई जलभराव नहीं हुआ, बल्कि पार्किंग क्षेत्र में कुछ समय के लिए हल्का पानी जमा हुआ था, जिसे तत्काल साफ करा दिया गया। नायल के इस आधिकारिक बयान के बाद इस पूरे मामले पर सियासत भी गरमा गई है।
सपा और कांग्रेस ने बीजेपी पर बोला हमला
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अब क्या एयरपोर्ट पर नाव चलेगी? जहां भाजपा सरकार, वहां महा-भ्रष्टाचार!”। कांग्रेस ने भी एक्स पर पोस्ट में कहा, “नरेंद्र मेदी के ‘भ्रष्टाचारी मार्गदर्शन’ में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का हाल।” कांग्रेस ने जलभराव की तस्वीरों के जरिए सरकार की विकास परियोजनाओं को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल उठाए।
क्या कहना है सीईओ का
बारिश के कारण एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र में कुछ कुछ समय के लिए हल्का जलभराव हुआ था, जिसे तत्काल कार्रवाई करते हुए साफ कर दिया गया।
– राकेश कुमार सिंह, सीईओ, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड
विपक्षियों को विकास नहीं दिखता: विधायक
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जलभराव अथवा किसी भी तकनीकी कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार एवं समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। वहीं, सांसद डॉ महेश शर्मा ने कहा कि जेवर में बने नोएडा एयरपोर्ट जैसी ऐतिहासिक परियोजना को लेकर कुछ लोगों की कुंठा साफ दिखाई देती है। बारिश में कुछ मिनट पानी जमा क्या हुआ, वीडियो बनाकर एयरपोर्ट का मजाक उड़ाने लगे।

