August 11, 2026

12 साल से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार, तिगांव पुलिस ने लाला खेड़ली से दबोचा

फरीदाबाद तिगांव थाना पुलिस की गिरफ्त में हत्या का आरोपी।

Faridabad/Alive News: तिगांव थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2014 के एक हत्या मामले में पिछले 12 वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहे भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार निवासी गांव सिडोला, फरीदाबाद को बल्लभगढ़-सोहना मार्ग स्थित गांव लाला खेड़ली से 10 अगस्त 2026 को काबू किया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 5 अक्टूबर 2014 को गांव सिडोला निवासी सुमित के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। तिगांव थाने में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने पहले ही मामले के अन्य आरोपियों बीरसिंह, नारायण, सुशील और तेजवीर को गिरफ्तार कर लिया था, जिन्हें 31 अगस्त 2016 को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कंचन माही की अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है। हालांकि, आरोपी राजकुमार वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था।

लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश के लिए तिगांव पुलिस लगातार प्रयासरत थी। पुलिस को आरोपी के राजस्थान के भिवाड़ी में छिपे होने की जानकारी मिली थी। जब पुलिस टीम भिवाड़ी पहुंची तो आरोपी वहां से निकल चुका था। इसके बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रैक कर उसे बल्लभगढ़-सोहना मार्ग के लाला खेड़ली गांव से दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पिछले 12 सालों से अपने परिवार के साथ भिवाड़ी (राजस्थान) में पहचान छिपाकर रह रहा था और एक निजी कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।