Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 1 करोड़ 8 लाख 10 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आयुष निवासी फतेहपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके बैंक खाते में ठगी के 15 लाख रुपये आए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके व्हाट्सएप पर एक संदेश आया था। संदेश भेजने वाले ने खुद को SBI Securities का कर्मचारी बताया। इसके बाद शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजा गया और कथित तौर पर SBI Securities का एडवांस ब्रोकर अकाउंट खुलवाया गया। इसके बाद उसे J5-SBI Securities Group नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया।
शिकायतकर्ता को शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। झांसे में आकर उसने सितंबर से नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1,08,10,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे न तो निवेश की गई रकम वापस मिली और न ही वादा किया गया मुनाफा। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में साइबर थाना NIT में केस दर्ज किया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी आयुष ने अपना बैंक खाता टेलीग्राम के माध्यम से साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इसी खाते में ठगी की रकम में से 15 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। आरोपी ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता है।
पुलिस आरोपी से तीन दिन के रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है। जांच में ठगी की रकम के लेन-देन और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

