August 11, 2026

प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण व लूट: क्राइम ब्रांच ने तीसरे आरोपी को भी किया गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में अपहरण और लूट का आरोपी।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेंट्रल की टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना खेड़ी पुल क्षेत्र के अंतर्गत प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण कर लूटपाट करने के सनसनीखेज मामले में कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी बसेल्वा कॉलोनी, ओल्ड फरीदाबाद का रहने वाला है।

जांच में सामने आया कि 26/27 जुलाई की रात को आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। मामले में शामिल उसके दोनों साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी मैकेनिक की दुकान चलाता है और केवल 6वीं पास है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि भारत कॉलोनी निवासी अमरेश पाठक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। 26/27 जुलाई की रात वे अपनी स्विफ्ट कार से जा रहे थे। रास्ते में खड्डा कॉलोनी के पास जब वे पेशाब करने के लिए गाड़ी से नीचे उतरे, तभी तीन युवकों ने अचानक हमला कर दिया और उन्हें जबरन कार की पिछली सीट पर बिठा लिया।

आरोपियों ने पीड़ित से 4,600 रुपये नकद, एक सैमसंग मोबाइल फोन, एक आईफोन-14, दो डेबिट कार्ड और हाथ घड़ी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को उसकी कार सहित भूपानी क्षेत्र के गांव टिकावली के पास छोड़कर फरार हो गए और जाते-जाते कार की चाबी भी साथ ले गए।