Faridabad/Alive News: जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और इस्तेमाल पर नकेल कसने के लिए फरीदाबाद पुलिस का ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ लगातार जारी है। इसी कड़ी में 10 अगस्त को अपराध शाखा की विभिन्न टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अलग-अलग इलाकों से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार, अपराध शाखा DLF की टीम ने मुजेसर निवासी मुस्तफा कुरैशी (36) को भूपानी इलाके से अवैध कट्टे के साथ दबोचा। वहीं, अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने वजीरपुर रोड (नहरपार) से भारत कॉलोनी निवासी विष्णु (23) को अवैध हथियार सहित काबू किया।
इसके अलावा, अपराध शाखा NIT की टीम ने खेल परिसर सेक्टर-12 से प्रहलादपुर निवासी पुष्पेंद्र (23) को गिरफ्तार किया, जबकि क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने टीकावली मोड़ (भूपानी) के पास से नेहरू कॉलोनी, डबुआ निवासी संदीप (29) को 1 देसी कट्टे के साथ पकड़ा।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

