August 10, 2026

विदेश ले जाने का झांसा देकर महिला से 2.5 लाख रुपये से अधिक की ठगी, पुलिस ने आरोपी खाताधारक को दबोचा

इंग्लैंड ले जाने के नाम पर साइबर ठगी मामले में फरीदाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी अनायत।

Faridabad/Alive News: साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना NIT टीम ने विदेश (इंग्लैंड) ले जाने और करेंसी बदलवाने का झांसा देकर महिला से ढाई लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने के मामले में एक मुख्य खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनायत (22 वर्ष), निवासी गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, इस पूरे फर्जीवाड़े में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पकड़े गए आरोपी अनायत को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि फरीदाबाद की एक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी 2026 में उसके व्हाट्सऐप पर +92 वाले विदेशी नंबर से कॉल आई थी। फोन करने वाले ठग ने जान-पहचान बनाकर महिला का भरोसा जीत लिया।

इसके बाद ठग ने महिला से वादा किया कि वह भारत आकर उसे अपने साथ इंग्लैंड ले जाएगा। झांसे में आई महिला ने उसकी बातों पर आंख मूंदकर भरोसा कर लिया।

दोस्ती बढ़ाने के बाद ठग ने महिला से भारतीय करेंसी बदलवाने तथा अन्य कागजी प्रक्रियाओं के नाम पर पैसे की मांग शुरू कर दी। महिला ने फरवरी से मार्च 2026 के बीच कई किस्तों में अलग-अलग बैंक खातों में ढाई लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी।

जब न तो आरोपी भारत आया और न ही महिला के पैसे वापस मिले, तब पीड़िता को साइबर ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई।

मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस टीम ने जब ठगी के बैंक खातों की कड़ियां खंगालीं, तो सामने आया कि ठगी की रकम में से 74,998 रुपये सीधे आरोपी अनायत के बैंक खाते में भेजे गए थे। तकनीकी और बैंकिंग साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अनायत को दबोच लिया। आरोपी केवल आठवीं कक्षा तक पढ़ा-लिखा है और वर्तमान में नोएडा में मजदूरी करता है।