August 10, 2026

क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को भेजा जेल

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 पुलिस द्वारा गिरफ्तार वाहन चोर सचिन और बरामद बाइक।

Faridabad/Alive News: वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने थाना खेड़ीपुल क्षेत्र में हुई वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन (21 वर्ष), निवासी बीपीटीपी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को वजीरपुर रोड, फरीदाबाद से दबोचा।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-28 फरीदाबाद निवासी मुकुल ने थाना खेड़ीपुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 मई 2026 को उसने अपनी मोटरसाइकिल सेक्टर-29 स्थित अमृता अस्पताल के बाहर खड़ी की थी, जिसे कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया था। पीड़ित की शिकायत पर थाना खेड़ीपुल में चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस पूछताछ में आरोपी सचिन ने खुलासा किया कि वह गाड़ियों की सफाई/कपड़ा मारने का काम करता है। काम पर आने-जाने के लिए उसे एक सवारी (मोटरसाइकिल) की सख्त जरूरत थी, जिसके लिए उसने 19 मई को अमृता अस्पताल के बाहर खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर उसे चुरा लिया था।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।