Faridabad/Alive News: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मथुरा रोड स्थित अजरौंदा चौक के पास से ब्रेजा कार में सवार तीन युवकों को अवैध हथियारों के भारी जखीरे के साथ धर दबोचा। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 देसी पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 4 मैगजीन, 30 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार बरामद की है। अदालत में पेश कर तीनों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बसंत (34 वर्ष) निवासी संजय कॉलोनी फरीदाबाद के रूप में हुए है। आरोपी बसंत पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है। आरोपी आकाश उर्फ मोनू (30 वर्ष) निवासी संजय कॉलोनी फरीदाबाद का रहने वाला है। यह एक वर्कशॉप में कारीगर है। आरोपी योगेश उर्फ योगी (30 वर्ष) निवासी पर्वतीय कॉलोनी फरीदाबाद का रहने वाला है। यह वेल्डिंग काम करता है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 8 अगस्त को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना सेंट्रल क्षेत्र में कुछ बदमाश अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ब्रेजा कार को घेरा।
तलाशी के दौरान आकाश उर्फ मोनू से 1 देसी कट्टा व 6 कारतूस, योगेश से 1 देसी पिस्टल व 2 मैगजीन (12 कारतूस) तथा बसंत से 1 देसी पिस्टल व 2 मैगजीन (12 कारतूस) बरामद हुए।
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2020 में आरोपी बसंत के भाई के पैर में गोली मारी गई थी, जिसका मामला थाना मुजसर में दर्ज हुआ था। उसी घटना का बदला लेने की नीयत से तीनों दोस्त अन्य राज्यों से अवैध हथियार खरीदकर लाए थे। पुलिस अब रिमांड के दौरान हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।

