August 10, 2026

टेलीग्राम टास्क में निवेश के नाम पर 93 हजार की साइबर ठगी, 3 आरोपी जोधपुर से किया गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर थाना NIT पुलिस ने साइबर ठगी में गिरफ्तार किए गए 3 आरोपी।

Faridabad/Alive News: साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर मुनाफा कमाने का झांसा देकर 93 हजार की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में जोधपुर (राजस्थान) निवासी तीन युवक जतिन (20), जसवंत (23) और तरुण (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, लकड़पुर (फरीदाबाद) निवासी एक पीड़ित ने शिकायत दी थी कि वह 29 अक्टूबर 2025 को एक लिंक के जरिए टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा था। वहां उसे प्रीपेड टास्क पूरा कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया।

शुरुआत में पीड़ित ने 1,000 का निवेश किया, जिस पर साइबर ठगों ने विश्वास जीतने के लिए उसे 1,700 वापस लौटा दिए। झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 93,000 का निवेश कर दिया। जब रकम और मुनाफा वापस नहीं मिला, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कराया।

जांच के दौरान साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते की कड़ियां जोड़ीं। पड़ताल में सामने आया कि आरोपी जतिन ने यह खाता रवि नाम के व्यक्ति से लिया था। इसके बाद जतिन ने यह खाता तरुण को दिया और तरुण ने इसे आगे जसवंत को सौंपा। इस बैंक खाते का प्रयोग साइबर ठगी के पैसों के लेन-देन के लिए किया जा रहा था।

9 अगस्त को पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को जोधपुर से धर दबोचा। पूछताछ में पता चला कि तीनों आरोपी आपस में पड़ोसी हैं। आरोपी जतिन 11वीं पास है जबकि जसवंत और तरुण 12वीं पास हैं।