Faridabad/Alive News : नगर निगम फरीदाबाद द्वारा आयोजित जनसुनवाई शिविर में महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने शहर के विभिन्न वार्डों व क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही शीघ्र समाधान के कड़े निर्देश दिए। शिविर के दौरान कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें तुरंत त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।
महापौर ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि आगामी जनसुनवाई शिविर के दौरान नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष (HOD) निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इससे न केवल नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण होगा, बल्कि पुरानी और लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की जा सकेगी।
दयाल नगर (पेयजल व सीवर): नागरिकों द्वारा अतिक्रमण, सीवर ओवरफ्लो और पेयजल किल्लत की शिकायत दर्ज कराई गई। महापौर ने बूस्टिंग स्टेशन से सुबह और शाम दो समय पानी की आपूर्ति हेतु निर्धारित टाइम टेबल बनाने का निर्देश दिया, ताकि हर घर तक पर्याप्त पानी पहुंचे।
डबुआ कॉलोनी व सेक्टर-8: डबुआ कॉलोनी में सड़क के लेवल की जांच और वॉटर टैक्स से जुड़ी समस्याएं रखी गईं। वहीं सेक्टर-8 मार्केट के पास जलभराव की समस्या पर त्वरित निरीक्षण के आदेश दिए गए।
गांव मछगर व चंदावली: ग्रामीणों ने ट्यूबवेल के कमरों के निर्माण की मांग रखी, जिस पर अधिकारियों को मामले की त्वरित जांच कर निर्माण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
दयालबाग (नाला सफाई व अतिक्रमण): दयालबाग क्षेत्र से गुजरने वाले नाले की तत्काल सफाई करवाने और क्षेत्र में अतिक्रमण पर सख्त नियंत्रण के आदेश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशानुसार जॉइंट कमिश्नर अमित मान, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह और कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि अन्य विभागाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने दोहराया कि नगर निगम का मुख्य ध्येय नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

