August 10, 2026

सीईओ हरियाणा ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसआईआर-2026 की प्रगति की समीक्षा की; दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

फरीदाबाद डीसी आयुष सिन्हा एसआईआर 2026 मतदाता सूची समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए।

Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों व उपायुक्तों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की समीक्षा की। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 के निस्तारण, दावों और आपत्तियों की सुनवाई तथा नोटिस वितरण प्रक्रिया पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

वीसी के तुरंत बाद फरीदाबाद के जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिला अधिकारियों की बैठक लेकर एसआईआर-2026 के कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

2002 की मतदाता सूची से अनमैप्ड मतदाताओं को पर्याप्त अवसर
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं की 2002 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो पाई है, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। ऐसे मतदाताओं को अपना पक्ष रखने और भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को नोटिस का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नए मतदाता निर्धारित दस्तावेजों के साथ करें आवेदन
जिले के पात्र नागरिकों से अपील करते हुए डीसी ने कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के नए मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज अवश्य संलग्न करें। इससे सत्यापन की प्रक्रिया सुगम होगी और आवेदन निरस्त होने की संभावना नहीं रहेगी।

दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण
सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ERO) को निर्देश दिए गए कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पूर्व प्राप्त होने वाले दावों और आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।

इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसडीएम फरीदाबाद हनी बंसल, एचएसवीपी एस्टेट अधिकारी नवीन कुमार, सीईओ जिला परिषद शिखा तथा नगराधीश अंकित कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।