Faridabad/Alive News: शुक्रवार को हुई तेज बारिश के दौरान अलग-अलग घटनाओं में करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना सेहतपुर इलाके की है, जहां 26 वर्षीय डिलीवरी बॉय रामखेलावन बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गया। दूसरी घटना ओल्ड फरीदाबाद के अहिरवाड़ा इलाके में हुई, जहां 22 वर्षीय अयान को वर्कशॉप में रखे लोहे के स्टैंड वाले पंखे से करंट लग गया।
सेहतपुर में रहने वाला रामखेलावन Blinkit में डिलीवरी का काम करता था। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे वह बाइक से सामान की डिलीवरी करने सेहतपुर की तरफ जा रहा था। बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह पानी भरा हुआ था। इसी दौरान बिजली के खंभे के पास से गुजरते समय वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद रामखेलावन बाइक समेत सड़क पर गिर गया। बिजली का करंट होने के कारण लोग तुरंत उसके पास नहीं जा सके। बाद में डंडे की मदद से उसे बिजली के संपर्क से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डिलीवरी बॉय ने जताया विरोध
रामखेलावन की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामखेलावन मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। बताया गया है कि उसके माता-पिता नहीं हैं और परिवार में उसकी दो बहनें हैं।
हादसे के बाद उसके साथ काम करने वाले डिलीवरी बॉय सेहतपुर स्थित Blinkit हाउस पर एकत्र हुए और विरोध जताया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि तेज बारिश और जलभराव के बावजूद डिलीवरी के लिए दबाव बनाया जाता है। उनका कहना है कि खराब मौसम में ऐसी परिस्थितियों में डिलीवरी करवाना कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
पंखा हटाते समय लगा करंट
दूसरी घटना ओल्ड फरीदाबाद के अहिरवाड़ा इलाके की है। यहां 22 वर्षीय अयान एक वर्कशॉप में काम करता था। उसकी बहन सायना के अनुसार, अयान को वर्कशॉप में काम शुरू किए करीब 22 दिन ही हुए थे। बारिश के कारण वह शुक्रवार सुबह काम पर नहीं जाना चाहता था, लेकिन परिजनों के अनुसार वर्कशॉप मालिक दीपक बजाज ने फोन कर उसे काम पर बुलाया।
दोपहर में काम के दौरान अयान वर्कशॉप में रखे लोहे के स्टैंड वाले पंखे को हटाने लगा। बताया गया कि पंखे में करंट आ रहा था। पंखा पकड़ते ही अयान को तेज करंट लगा और वह जमीन पर गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अयान की बहन ने वर्कशॉप में मौजूद लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।

