Faridabad/Alive News: अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने 7 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पांच देसी कट्टे बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा AVTS भूपानी की टीम ने बदरपुर, दिल्ली निवासी कुमारपाल (29) को खेड़ीपुल क्षेत्र से अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। इसी टीम ने ईस्माईलपुर, पल्ला निवासी बृजेश (34) को गांव नचौली के पास रेलवे पुल से अवैध हथियार के साथ पकड़ा।
वहीं, अपराध शाखा DLF की टीम ने पल्ला फरीदाबाद निवासी यश (19) को नया पल्ला पुल के पास से देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया।
इसके अलावा क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने अलीगढ़, उत्तर प्रदेश निवासी रामचंद्र (37) को सेक्टर-22 फरीदाबाद से और डबुआ फरीदाबाद निवासी सरजीत (21) को NIT-3 क्षेत्र से अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से बरामद हथियारों के संबंध में जांच की जा रही है।
सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

