August 7, 2026

फरीदाबाद में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, सात महीने में 3.77 लाख से ज्यादा चालान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। वर्ष 2026 के पहले सात महीनों (जनवरी से जुलाई) में यातायात पुलिस ने विभिन्न नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के 3,77,957 चालान किए हैं।

पुलिस के अनुसार, शहर के प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इंटरसेप्टर वाहन, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से नियम तोड़ने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

जनवरी से जुलाई तक हर महीने हजारों चालान किए गए। इनमें जनवरी में 52,690, फरवरी में 40,807, मार्च में 56,220, अप्रैल में 57,028, मई में 59,260, जून में 53,165 और जुलाई में 58,787 चालान शामिल हैं।

सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर हुई। इस अवधि में 1,13,996 चालान बिना हेलमेट के किए गए। इसके अलावा 42,434 चालान ओवरस्पीडिंग, 34,324 गलत पार्किंग, 33,441 लेन अनुशासन का उल्लंघन, 32,754 रॉन्ग साइड ड्राइविंग, 23,174 नंबर प्लेट नियमों के उल्लंघन, 10,541 बिना ड्राइविंग लाइसेंस, 10,327 ट्रिपल राइडिंग, 8,178 ब्लैक फिल्म/टिंटेड ग्लास और 3,543 शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में किए गए।

पुलिस का कहना है कि बिना हेलमेट वाहन चलाना, तेज रफ्तार, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और शराब पीकर गाड़ी चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। इससे न सिर्फ वाहन चालक बल्कि अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है।

फरीदाबाद पुलिस ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जागरूकता अभियान भी चला रही है। लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, तय गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

पुलिस की अपील: दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं, तय गति सीमा का पालन करें, रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं, शराब पीकर ड्राइविंग से बचें और ट्रैफिक नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।