August 7, 2026

फरीदाबाद पुलिस का बड़ा अभियान: एक दिन में 10 आरोपी गिरफ्तार, हथियार, नशा और चोरी की बाइक बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं ने अवैध हथियार, नशा तस्करी और वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक दिन में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 देशी कट्टे, 2 जिंदा कारतूस, 2.20 ग्राम स्मैक, 636 ग्राम गांजा, 456 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (अपराध) राजेश कुमार मोहन के नेतृत्व में जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभिन्न अपराध शाखाओं ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर यह कार्रवाई की।

पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 5 देशी कट्टे और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि हथियार सप्लाई करने वालों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने 2.20 ग्राम स्मैक, दो मामलों में कुल 636 ग्राम गांजा और 456 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। पुलिस के अनुसार, ट्रामाडोल कैप्सूल का अवैध रूप से नशे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

वहीं, अपराध शाखा सेक्टर-16 ने आदर्श नगर थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। इस मामले में भारत कॉलोनी निवासी विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि सभी 10 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस की अपील: फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि आसपास कोई व्यक्ति अवैध हथियार रखने, नशा तस्करी या किसी भी संदिग्ध आपराधिक गतिविधि में शामिल दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम 9999150000, 0129-2227200, डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाने में दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।