August 5, 2026

पंजाब पुलिस का दावा: CJP प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर हमले की ISI साजिश नाकाम, 9 आरोपी गिरफ्तार

New Delhi/Alive News: पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक नेटवर्क ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के छात्र आंदोलन के दौरान आतंकी हमला करने की साजिश रची थी। इस मामले में चार नाबालिगों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस, चार पेट्रोल बम, गुप्त CCTV कैमरे और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई में सीमा पार से संचालित दो आतंकी मॉड्यूल का भी भंडाफोड़ करने का दावा किया है।

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान आरोपी ट्रेन से दिल्ली पहुंचे थे। पुलिस का दावा है कि उन्हें पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर पेट्रोल बम उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन दिल्ली पुलिस और RAF की भारी तैनाती के कारण वे अपनी साजिश को अंजाम नहीं दे सके।

जांच में यह भी सामने आया कि एक मॉड्यूल अमृतसर के रेलवे ट्रैक के पास गुप्त CCTV कैमरे लगाकर संवेदनशील इलाकों की लाइव फुटेज पाकिस्तान भेज रहा था। वहीं दूसरे मॉड्यूल के पास से पेट्रोल बम, पिस्तौल और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा प्रतिष्ठानों और पुलिस थानों पर हमले की साजिश की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को कथित तौर पर डिजिटल माध्यम से आर्थिक मदद भी मिल रही थी। इस फंडिंग के स्रोत और लेन-देन की जांच जारी है।

गौरतलब है कि CJP के बैनर तले दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET 2026 पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर लंबे समय तक छात्र आंदोलन चला था। इस आंदोलन के बाद तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया था।