August 5, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 90,430 की साइबर ठगी, फरीदाबाद पुलिस ने लखनऊ से तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना NIT टीम ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर एक महिला से ₹90,430 की साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इरोज अपार्टमेंट निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसे घर बैठे कमाई का लालच देकर एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। शुरुआत में कुछ छोटे-छोटे टास्क पूरे कराकर उसका भरोसा जीता गया। इसके बाद 7 अप्रैल 2026 को प्रीपेड टेलीग्राम टास्क के नाम पर उससे ₹90,430 की ठगी कर ली गई। शिकायत मिलने पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने लखनऊ के गौमती नगर निवासी अंकित कनौजिया, आकाश और आदर्श सिंह को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि आदर्श सिंह ने अमित नाम के व्यक्ति का बैंक खाता खुलवाया और उसमें अंकित व आकाश द्वारा उपलब्ध कराई गई मोबाइल सिम को रजिस्टर कराया। इसके बाद बैंक खाते से जुड़े सभी दस्तावेज अंकित और आकाश को सौंप दिए, जिन्होंने यह खाता आगे साइबर ठगों को इस्तेमाल के लिए उपलब्ध करा दिया।

जांच में सामने आया कि ठगी की गई रकम में से ₹15,430 इसी बैंक खाते में आए थे।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते हैं, एक ही इलाके में रहते हैं और साथ खेलते थे। सभी बेरोजगार थे और पैसों के लालच में आकर इस साइबर ठगी में शामिल हो गए।