August 5, 2026

फरीदाबाद में हेलमेट सुरक्षा अभियान, ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को बताया ISI हेलमेट का महत्व

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के साथ मिलकर बड़खल चौक और अंखीर चौक पर हेलमेट सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को अच्छी गुणवत्ता और ISI मार्क वाले हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करना था, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में सिर की गंभीर चोटों से बचा जा सके।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने लोगों को बताया कि केवल ISI मार्क वाला हेलमेट ही तय सुरक्षा मानकों के अनुसार बनाया जाता है और दुर्घटना के समय बेहतर सुरक्षा देता है।

रोड सेफ्टी इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश ने कहा कि हेलमेट पहनना सिर्फ कानून का पालन करना नहीं, बल्कि अपनी जान बचाने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है। उन्होंने लोगों से हमेशा ISI मार्क वाला हेलमेट पहनने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

इस दौरान ट्रैफिक ताऊ सब-इंस्पेक्टर वीरेन्द्र ने कहा, “हेलमेट कोई बोझ नहीं, बल्कि आपकी सुरक्षा की ढाल है। जैसे घर से निकलते समय मोबाइल और चाबी साथ लेते हैं, उसी तरह हेलमेट पहनना भी अपनी आदत बनाएं। आपकी सुरक्षा आपके परिवार की खुशी से जुड़ी है।”

अभियान में लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों, सुरक्षित वाहन चलाने और सीट बेल्ट व हेलमेट के नियमित उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। ट्रैफिक पुलिस ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की अपील की।

यातायात से जुड़ी किसी भी शिकायत, सूचना या सहायता के लिए लोग फरीदाबाद ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 0129-2267201 या डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी शिकायत और सुझाव भेजे जा सकते हैं।