August 4, 2026

फरीदाबाद में ATM काटकर लाखों की चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, दिल्ली पुलिस का सिपाही निकला मास्टरमाइंड

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-56 ने गैस कटर से ATM मशीन काटकर लाखों रुपये चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो बड़ी ATM चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य आरोपी बिहार की जेल में बंद है, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।

पहला मामला – भूपानी से 6.53 लाख की चोरी

3 और 4 जुलाई 2026 की रात भूपानी मोड़ पर लगे HITACHI Money Spot ATM को गैस कटर से काटकर उसमें रखे ₹6.53 लाख से ज्यादा रुपये चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में थाना भूपानी में केस दर्ज किया गया।

पुलिस ने विकास कुमार (बिहार), हुकमचंद (फरीदाबाद) और अरविंद (फरीदाबाद) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि हुकमचंद, जो दिल्ली पुलिस में सिपाही है, इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड है। कर्ज में डूबे हुकमचंद ने अपने साथियों के साथ मिलकर ATM लूटने की योजना बनाई, गैस कटर और अन्य सामान की व्यवस्था की और वारदात को अंजाम दिलाया।

इस मामले का एक अन्य आरोपी राजू फिलहाल बिहार की जेल में बंद है, जिसे जल्द प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।

दूसरा मामला – सेक्टर-58 से ₹5.71 लाख की चोरी

26 और 27 जुलाई 2026 की रात सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में JCB चौक के पास लगे HITACHI ATM को काटकर करीब ₹5.71 लाख की नकदी चोरी कर ली गई थी।

इस मामले में विकास कुमार के साथ उसके भाई विशाल कुमार और अभिषेक कुमार को 2 अगस्त को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि पहले मामले के बाद राजू के जेल जाने और हुकमचंद से संपर्क टूटने पर विकास ने अपने भाई और साथी को बिहार से बुलाया और उनके साथ मिलकर दूसरी वारदात को अंजाम दिया।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपियों को लखनऊ के आलमबाग इलाके से गिरफ्तार किया। फिलहाल तीनों आरोपियों से 5 दिन के पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है।