Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गांव सिरोही बिजोपुर रोड पर स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर हत्या के प्रयास के मामले में मुख्य षड्यंत्रकारी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी परवेज उर्फ बॉलर निवासी गांव धौज को 2 अगस्त को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को सद्दीक उर्फ सहनाज निवासी गांव सिरोही को काले रंग की स्कॉर्पियो से तेज रफ्तार में टक्कर मार दी गई थी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले में घायल के भाई शहरयाद की शिकायत पर थाना धौज में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी परवेज उर्फ बॉलर के कहने पर उसके बेटे तहसीन ने स्कॉर्पियो से सद्दीक को टक्कर मारी थी। पुलिस के मुताबिक, परवेज को शक था कि सद्दीक उसके अवैध कामों की जानकारी पुलिस को दे रहा है। इसी रंजिश के चलते उसने अपने बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर हमला करने की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि परवेज चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त और उन्हें कटवाने के मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पहले से 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह मई 2026 में जेल से बाहर आया था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में आरोपी के बेटे तहसीन, भाई वसीम और असलम को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

