August 3, 2026

फरीदाबाद पुलिस की साइबर अपराधियों पर कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad cyber police arrested accused in online fraud cases

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग ठगी के मामलों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने ऑनलाइन ठगी के मामलों की जांच करते हुए यह कार्रवाई की।

पहले मामले में बल्लभगढ़ निवासी व्यक्ति को RTO चालान के नाम पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करना महंगा पड़ गया। फाइल डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया और उसके व उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2.41 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस ने इस मामले में उत्तराखंड निवासी हरदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि उसने साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी।

दूसरे मामले में पर्वतीय कॉलोनी निवासी महिला को इंस्टाग्राम पर जन्मदिन का गिफ्ट भेजने का झांसा देकर 47,200 रुपये की ठगी की गई। ठगों ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट पर मौजूद बताकर पार्सल छुड़ाने के नाम पर पैसे ट्रांसफर कराए। पुलिस ने इस मामले में चरखी दादरी निवासी अरुण और झज्जर निवासी केशव को गिरफ्तार किया है।

तीसरे मामले में साइबर ठगों ने खुद को सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बताकर सेक्टर-46 निवासी महिला को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया और 1.03 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने फर्जी नोटिस भेजकर महिला को वीडियो कॉल पर निगरानी में रखा और डर का माहौल बनाकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई। पुलिस ने इस मामले में लखनऊ निवासी मोहम्मद फैजान खान को गिरफ्तार किया है। इस केस में अब तक 20 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक, APK फाइल, सोशल मीडिया मैसेज और फर्जी सरकारी कॉल से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर पुलिस को दें।