August 3, 2026

फरीदाबाद के स्कूल में महिला टीचर की चाकू मारकर हत्या, छेड़छाड़ के आरोपी ने 27 वार कर ली जान

Police investigating after lady teacher murder at Faridabad private school

Faridabad/Alive News: हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को एक निजी स्कूल में महिला टीचर की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हत्या करने वाला युवक वही है जिसके खिलाफ कुछ समय पहले महिला टीचर ने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय आरोपी ने माफी मांग ली थी, लेकिन वह इसी बात की रंजिश रखे हुए था।

मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है। वह डबुआ, बल्लभगढ़ की रहने वाली थीं और वर्तमान में अपने पति के साथ फिरोजपुर कला में रहती थीं। वह गांव सिकरोना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका थीं।

सोमवार सुबह संध्या रोज की तरह स्कूल पहुंचीं। कुछ देर बाद एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर स्कूल आया और टीचर से मिलने की बात कही। स्कूल स्टाफ ने इसकी जानकारी संध्या को दी। जैसे ही वह स्कूल के मुख्य गेट पर पहुंचीं, आरोपी ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने संध्या के गले, छाती, पेट और चेहरे पर लगातार चाकू से वार किए। संध्या ने बचने की कोशिश की और मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन आरोपी हमला करता रहा। वह जमीन पर गिर गईं, इसके बाद भी आरोपी उन पर वार करता रहा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 27 बार चाकू से हमला किया।

शोर सुनकर स्कूल संचालक तेजपाल मौके पर पहुंचे और आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने चाकू दिखाकर उन्हें भी धमका दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

हमले के बाद स्कूल स्टाफ ने संध्या को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका ने पहले आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। इसी रंजिश में आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।